समस्तीपुर में IMA का 15वां डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस 2026 आयोजित, नई चिकित्सा तकनीकों पर हुई चर्चा

Date: 2026-03-02
news-banner

M E D I C A L


समस्तीपुर: आईएमए के तत्वावधान में रविवार को हरपुर एलौथ स्थित एक निजी सभागार में 15वां डिस्ट्रिक्ट आईएमए कॉन्फ्रेंस 2026 (डायमेकॉन-2026) का आयोजन किया गया। एक दिवसीय इस सम्मेलन में चिकित्सा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिले के चिकित्सकों को आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों, उन्नत उपकरणों और नई शोध-आधारित तकनीकों से अवगत कराना रहा, ताकि मरीजों को बेहतर और प्रभावी उपचार मिल सके। कार्यक्रम में आंतरिक रोग, शल्य चिकित्सा, अस्थि रोग, एनेस्थिसिया, जीआई सर्जरी, ईएनटी, स्त्री रोग और रेडियोलॉजी से जुड़ी नवीनतम चिकित्सीय प्रगति पर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।

कार्यक्रम का उद्घाटन आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह ने किया। वहीं वैज्ञानिक सत्र (साइंटिफिक प्रोग्राम) का उद्घाटन पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात चिकित्सक डॉ. विजय प्रकाश ने किया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने बदलते चिकित्सा परिदृश्य में अपडेट रहने की आवश्यकता पर बल दिया।

सम्मेलन में समस्तीपुर जिले के चिकित्सकों के अलावा पटना से करीब 200 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। आयोजन के दौरान विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए और चिकित्सकीय अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ। यह सम्मेलन चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञानवर्धन और आपसी समन्वय को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

advertisement image

Leave Your Comments