जदयू की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार पटना में मां मंजू सिन्हा की प्रतिमा पर पहुंचे, भावुक हुए और मुख्यमंत्री बनने के सवाल पर चुप्पी साध ली

Date: 2026-03-09
news-banner
पटना : बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar के बेटे Nishant Kumar ने जदयू की सदस्यता लेने के एक दिन बाद अपनी मां को याद किया। सोमवार को वह पटना के कंकड़बाग स्थित मंजू सिन्हा पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी मां की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान निशांत काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यहां उनकी मां की प्रतिमा है और वह उन्हें श्रद्धांजलि देने आए हैं। निशांत ने कहा कि मां की बहुत याद आ रही है और उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ बना रहे।

बोले- मां होतीं तो और अच्छा होता
मीडिया से बातचीत में निशांत कुमार ने कहा कि उनकी मां की कमी हमेशा महसूस होती है। उन्होंने कहा, 'मां रहतीं तो और अच्छा होता। उनका आशीर्वाद मेरे ऊपर बना रहे।'

इस दौरान उन्होंने बिहार के अलग-अलग जिलों में जाने की भी बात कही। निशांत ने कहा कि वह राज्य के सभी 38 जिलों में यात्रा करने की योजना बना रहे हैं और इसे लेकर विचार कर रहे हैं।

CM बनने के सवाल पर टाल गए जवाब
पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि कार्यकर्ता उन्हें मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं तो वह इस सवाल को टालते नजर आए। निशांत इस सवाल का कोई जवाब दिए बिना आगे बढ़ गए। हालांकि उन्होंने पहले ही साफ किया था कि वह पार्टी के लिए मेहनत से काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने पिछले 20 वर्षों में जो काम किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे।

राजनीति में एंट्री पर सियासी बयानबाजी
निशांत की राजनीति में एंट्री को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। बिहार के उपमुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने कहा कि निशांत का राजनीति में स्वागत है। उन्होंने कहा कि निशांत को राजनीति में लाने का फैसला जदयू का है। वहीं इस मुद्दे पर विपक्ष की भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

निशांत की एंट्री पर विजय चौधरी का बड़ा बयान
जदयू नेता Vijay Kumar Chaudhary ने कहा कि Nishant Kumar को पार्टी में सर्व-स्वीकार्यता है और कार्यकर्ताओं के आग्रह पर ही उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। उन्होंने कहा कि मंत्रियों का फैसला Nitish Kumar ही करेंगे, नेतृत्व उनका ही रहेगा।

मंत्री बोले- फैसला बैठक में होगा
दूसरी ओर मंत्री Sanjay Paswan ने कहा कि हर पार्टी का अपना नजरिया होता है। उन्होंने कहा कि निशांत को विधायक या मुख्यमंत्री बनाने जैसे सवालों पर जो भी फैसला होगा, वह बैठक में तय किया जाएगा। बता दें कि रविवार को निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ली थी। इस दौरान उन्होंने अपने पिता Nitish Kumar का आशीर्वाद भी लिया था।

पिता की तरह किया अभिवादन
पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत ने अपने पिता की तरह हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं और नेताओं का अभिवादन किया। वे सफेद कुर्ता और क्रॉक्स चप्पल पहनकर कार्यक्रम में पहुंचे थे। निशांत ने कहा कि वह पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वे उनके पिता पर भरोसा बनाए रखें।
advertisement image

Leave Your Comments