P A T N A
पटना पहुंचे बिहार के नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन
बिहार के नए राज्यपाल सैयद अता हसनैन पटना पहुंच गए हैं। उनका शपथ ग्रहण समारोह 14 मार्च को आयोजित किया जाएगा, जहां उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण कार्यक्रम राजधानी पटना के लोक भवन (राजभवन परिसर) में आयोजित होगा। इस अवसर पर पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें शपथ दिलाएंगे। कार्यक्रम में कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं हसनैन
सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल हैं और लगभग 40 वर्षों तक सेना में सेवा दे चुके हैं। वे अपने रणनीतिक नेतृत्व और सुरक्षा मामलों की विशेषज्ञता के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने अपने सैन्य करियर में कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2012 से 2014 के बीच वे श्रीनगर स्थित 15 कोर (चिनार कोर) के कमांडर रहे और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया।
NDMA और विश्वविद्यालय से भी जुड़े रहे
सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी हसनैन सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। वे राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सदस्य भी रहे और कश्मीर विश्वविद्यालय के चांसलर के रूप में भी काम कर चुके हैं।
सैयद अता हसनैन अब बिहार के 30वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभालेंगे और उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक तथा रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
EXPOSE BIHAR DESK