पटना: बिहार के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राज्य के 25 जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज जिन जिलों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, बेगूसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, गया, जहानाबाद और पटना शामिल हैं।
इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधान रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 18 मार्च तक मौसम का यह बदलाव बना रह सकता है, जिससे कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में बिहार के अलग-अलग जिलों में तापमान में भी अंतर देखा गया। सीवान में न्यूनतम तापमान लगभग 17°C दर्ज किया गया, जबकि कैमूर में अधिकतम तापमान 37°C से अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोगों को खुले स्थान, पेड़ या बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए।
EXPOSE BIHAR DESK