S A M A S T I P U R
पटना/बिहार : 27 मार्च को रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज चिंता बढ़ाने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार इस दिन तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जिससे कई जिलों के हालात प्रभावित हो सकते हैं।
पिछले कुछ दिनों से बिहार का मौसम शुष्क बना हुआ था, लेकिन अब इसमें बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। 26 मार्च से ही मौसम करवट लेने लगा है। हिमालय की तराई से सटे जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 मार्च से अगले 2-3 दिनों तक पूरे बिहार में तेज हवा के साथ भारी बारिश और ओले गिर सकते हैं। इसे देखते हुए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
रामनवमी के दिन 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और ठनका गिरने का भी अनुमान है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल समेत 18 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है, क्योंकि यह खराब मौसम रामनवमी के उत्सव में बाधा डाल सकता है।
EXPOSE BIHAR DESK