B I H A R
सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून कभी-कभी खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसा ही एक मामला बिहार में सामने आया, जहां चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर रील बना रही एक छात्रा गंगा नदी में गिर गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार बेगूसराय के लोहियानगर की रहने वाली छात्रा साक्षी कुमारी पटना से परीक्षा देकर राज्यरानी एक्सप्रेस से अपने घर लौट रही थी। जब ट्रेन मोकामा के राजेंद्र सेतु पर पहुंची तो वह ट्रेन के गेट पर खड़े होकर मोबाइल से रील बनाने लगी। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गंगा नदी में गिर गई।
बताया जा रहा है कि साक्षी अपने भाई सौरभ कुमार के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी। भाई के अनुसार, पुल पर पहुंचते ही वह वीडियो बनाने के लिए ट्रेन के दरवाजे पर खड़ी हो गई थी। तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में जा गिरी।
घटना के समय वहां मछली पकड़ रहे मछुआरे और पुल के पास काम कर रहे कुछ कर्मचारियों ने तुरंत नदी में उतरकर छात्रा को बाहर निकाला। इसके बाद घायल छात्रा को मरांची स्थित महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि सोशल मीडिया के लिए खतरनाक जगहों पर वीडियो बनाना कितना जोखिम भरा हो सकता है।
EXPOSE BIHAR DESK