C O U R T
समस्तीपुर में मंगलवार को उस समय पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई जब परिवार न्यायालय ने अदालत के आदेश की अवहेलना करने पर रोसड़ा थानाध्यक्ष को डिटेन करने का आदेश दे दिया। इस घटना की चर्चा पूरे दिन न्यायालय परिसर में होती रही।
जानकारी के अनुसार Samastipur स्थित परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश Sanjay Agrawal के समक्ष एक मामला लंबित था। इस मामले में रोसड़ा थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर Lalbabu Kumar को अदालत में सदेह उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था।
बताया गया कि न्यायालय की ओर से उन्हें कई बार नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने को कहा गया था, लेकिन वे तय समय पर कोर्ट में पेश नहीं हुए। मंगलवार को जब वे अदालत पहुंचे तो न्यायालय ने आदेशों के अनुपालन में हुई लापरवाही को गंभीरता से लिया और उनसे जवाब-तलब किया।
सुनवाई के दौरान न्यायालय ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कोर्ट प्रभारी को थानाध्यक्ष को डिटेन करने का आदेश दिया। कोर्ट के इस आदेश की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ-1 Sanjay Kumar Pandey भी न्यायालय परिसर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
बताया जाता है कि रोसड़ा थानाध्यक्ष देर शाम तक कोर्ट की अभिरक्षा में डिटेन रहे। बाद में उन्होंने अदालत के समक्ष माफीनामा प्रस्तुत किया और भविष्य में न्यायालय के आदेशों का पालन करने का आश्वासन दिया। इसके बाद न्यायालय ने माफीनामा स्वीकार करते हुए उन्हें रिहा कर दिया। इस घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में न्यायालय के आदेशों के पालन को लेकर गंभीरता बनाए रखने की चर्चा तेज हो गई है।
EXPOSE BIHAR DESK