समस्तीपुर में ATM से 18 लाख रुपये की चोरी, CCTV का DVR भी ले गए बदमाश

Date: 2026-10-19
news-banner
S A M A M  S T  I P U R 

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में ATM चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। हलई थाना क्षेत्र के चकलालशाही चौक पर थाना के पुराने भवन के समीप स्थित इंडिया वन ATM से बदमाशों ने करीब 18 लाख रुपये चोरी कर लिए। रविवार की अहले सुबह हुई इस घटना में बदमाशों ने ATM मशीन के पिछले हिस्से को तोड़कर नकदी निकाल ली। वारदात के बाद वे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए।

मशीन के पिछले हिस्से को तोड़कर निकाली नकदी

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने ATM मशीन के पिछले हिस्से को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। घटना के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को ATM मशीन की बनावट और उसके तकनीकी पहलुओं की जानकारी थी। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

CCTV फुटेज मुंबई से मंगवा रही पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, ATM में सुरक्षा के लिए कोई गार्ड तैनात नहीं था। उन्होंने घटना में तकनीकी जानकारी रखने वाले बदमाशों के शामिल होने की आशंका जताई है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर किसी लाइनर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसपी ने बताया कि ATM के CCTV कैमरों का कंट्रोल मुंबई से संचालित होता है। पुलिस बैंक और संबंधित एजेंसी के कर्मियों से संपर्क कर रही है और मुंबई से स्टोरेज फुटेज मंगवाया जा रहा है। पुलिस फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

पहले भी ATM को बना चुके हैं निशाना

समस्तीपुर जिले में ATM तोड़कर नकदी चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 23 अप्रैल को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर रोड स्थित केनरा बैंक के ATM को बदमाशों ने निशाना बनाया था। उस दौरान गैस कटर से मशीन काटकर करीब 2.11 लाख रुपये निकाल लिए गए थे। इसके बाद बदमाश स्कॉर्पियो से फरार हो गए थे।

रिपोर्ट के अनुसार, मोहनपुर रोड की घटना के करीब छह महीने बाद भी मामले का उद्भेदन नहीं हो सका था। न तो किसी आरोपित की गिरफ्तारी हुई थी और न ही चोरी की गई राशि बरामद की जा सकी थी।

जल्द उद्भेदन का दावा

हलई थाना क्षेत्र में हुई ताजा वारदात के बाद पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। जांच में CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय स्तर पर संभावित मददगारों की भूमिका पर ध्यान दिया जा रहा है। एसपी ने जल्द ही मामले का उद्भेदन करने की उम्मीद जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments