समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह बच्ची घर के पास सड़क किनारे खेल रही थी। इसी दौरान करीब 15 वर्षीय एक किशोर उसे बहला-फुसलाकर सड़क किनारे झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपी किशोर मौके से फरार हो गया। बाद में बच्ची को गंभीर हालत में इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां से उसे आगे जांच के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने पर दलसिंहसराय के एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी नाबालिग है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची का पिता दूसरे राज्य में मजदूरी करता है, जबकि घर पर उसकी मां और दादा रहते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
EXPOSE BIHAR DESK