U D Y O G
बिहार में बनेगी बेंगलुरु जैसी इलेक्ट्रॉनिक सिटी
बिहार में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार बेंगलुरु की तर्ज पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करने की योजना बना रही है, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उद्योग विभाग के अनुसार इस परियोजना के तहत देश की बड़ी इलेक्ट्रॉनिक और आईटी कंपनियों को बिहार में निवेश के लिए आकर्षित किया जाएगा। इस योजना से करीब एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई जा रही है।
पटना के पास विकसित होगी इलेक्ट्रॉनिक सिटी
सरकार की योजना है कि राजधानी पटना के आसपास इस इलेक्ट्रॉनिक सिटी को विकसित किया जाए। इसके साथ ही राज्य सरकार पहले से फिनटेक सिटी, लॉजिस्टिक पार्क और एजुकेशन सिटी बनाने की योजनाओं पर भी काम कर रही है।
बेंगलुरु मॉडल का होगा अध्ययन
परियोजना को सफल बनाने के लिए उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम बेंगलुरु भेजी गई है। यह टीम वहां के इलेक्ट्रॉनिक सिटी मॉडल का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।
क्या बोले उद्योग मंत्री
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि राज्य में इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थापित करने की योजना पर गंभीरता से काम चल रहा है। अधिकारियों की टीम बेंगलुरु में वहां की व्यवस्था और मॉडल का अध्ययन कर रही है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
क्यों खास होती है इलेक्ट्रॉनिक सिटी
इलेक्ट्रॉनिक सिटी में मोबाइल, कंप्यूटर, टीवी, स्मार्ट डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के निर्माण और आईटी कंपनियों के संचालन के लिए आधुनिक औद्योगिक ढांचा तैयार किया जाता है। इससे निवेश, तकनीकी विकास और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।
EXPOSE BIHAR DESK