पटना: बिहार में मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार 27 मार्च से राज्य भर में आंधी-बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से अगले 24 घंटे के भीतर मौसम तेजी से बदलेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग ने 12 जिलों—पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर और मुजफ्फरपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी, वज्रपात और ओलावृष्टि का खतरा ज्यादा है।
वहीं, पटना, गया, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्णिया समेत राज्य के अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले तीन दिनों तक बना रह सकता है। शनिवार और रविवार को भी कोसी, सीमांचल और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है।
इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी दर्ज की गई थी। दक्षिण बिहार के कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
रोहतास जिले का बिक्रमगंज 37.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा कैमूर में 37, शेखपुरा में 36.8, गया में 36.2, बक्सर में 35.3, पटना में 35.2 और सीवान में 35 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
यह खबर मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर आधारित है। मौसम की स्थिति समय के अनुसार बदल सकती है, कृपया ताज़ा अपडेट के लिए आधिकारिक स्रोतों पर नजर रखें।
EXPOSE BIHAR DESK