जेडीयू बैठक में बड़ा फैसला, निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश का रास्ता साफ

Date: 2026-03-07
news-banner

बिहार की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की महत्वपूर्ण बैठक में यह फैसला लिया गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार अब सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे। पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, निशांत कुमार शनिवार को औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे।


बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान कई नेताओं ने सुझाव दिया कि पार्टी को नई ऊर्जा देने के लिए निशांत कुमार को राजनीति में लाया जाना चाहिए। इस प्रस्ताव पर मौजूद नेताओं ने हाथ उठाकर समर्थन किया, जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया गया।


इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पार्टी नेताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह राज्यसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन इससे पार्टी या बिहार की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने अपने विधायकों और नेताओं को भरोसा दिलाया कि वह जहां भी रहेंगे, बिहार के विकास और राजनीति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।

बैठक के दौरान जेडीयू के वरिष्ठ नेता संजय झा ने यह मुद्दा उठाया कि मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के फैसले से कुर्मी और कुशवाहा समाज से जुड़े कुछ विधायक नाराज बताए जा रहे हैं। इस पर नीतीश कुमार ने साफ कहा कि किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।


उन्होंने कहा, “मैं राज्यसभा जा रहा हूं, मगर आप लोगों को कोई दिक्कत नहीं होगी। हम बिहार में ही रहेंगे और सभी काम पहले की तरह चलते रहेंगे।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार के राजनीति में आने से जेडीयू को एक नया चेहरा मिल सकता है और पार्टी की भविष्य की रणनीति को मजबूती मिल सकती है।

advertisement image

Leave Your Comments