LPG संकट के बीच राहत: ‘शिवालिक’ जहाज पहुंचा भारत, ‘नंदा देवी’ आज पहुंचेगी

Date: 2026-03-17
news-banner
L P G

देश में चल रहे LPG (रसोई गैस) संकट के बीच बड़ी राहत की खबर सामने आई है। भारत के लिए LPG लेकर आ रहा जहाज ‘शिवालिक’ सुरक्षित रूप से गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पहुंच चुका है। यह जहाज खाड़ी क्षेत्र के तनावपूर्ण हालात और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे संवेदनशील मार्ग को पार करके भारत पहुंचा है।

इस बीच दूसरा LPG जहाज ‘नंदा देवी’ भी भारत पहुंचने वाला है। यह जहाज करीब 47,000 मीट्रिक टन LPG लेकर आ रहा है और गुजरात के वाडिनार पोर्ट पर पहुंचकर गैस सप्लाई को और मजबूत करेगा।

बताया जा रहा है कि दोनों जहाज मिलकर करीब 92,000 मीट्रिक टन LPG लेकर आए हैं, जो देश की सप्लाई को कुछ हद तक राहत दे सकता है।

दरअसल, पश्चिम एशिया (Middle East) में चल रहे तनाव और ईरान के पास स्थित स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बाधाओं के कारण LPG सप्लाई प्रभावित हुई थी। इस वजह से भारत में गैस की किल्लत देखने को मिल रही थी और कई जगहों पर बुकिंग व सप्लाई में देरी हो रही थी।

सरकार ने हालात को संभालने के लिए कूटनीतिक प्रयास किए, जिसके बाद इन जहाजों को सुरक्षित रास्ता मिला। भारतीय नौसेना की निगरानी में जहाजों को सुरक्षित भारत तक लाया गया।

हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि इन जहाजों के आने से तुरंत पूरी समस्या खत्म नहीं होगी, लेकिन इससे सप्लाई में सुधार जरूर आएगा और बाजार में दबाव कम होगा।

EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments