B I H A R
बिहार के नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र में शराब तस्करों की फायरिंग में मद्य निषेध विभाग की विशेष जांच इकाई (EIB) के सिपाही अजीत कुमार की मौत हो गई। पटना मुख्यालय से आई EIB टीम शराब से लदी पिकअप वैन का पीछा कर रही थी। इसी दौरान पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास टीम पर फायरिंग की गई, जिसमें सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान पटना में उनकी मौत हो गई।
शराब से लदी पिकअप का पीछा कर रही थी टीम
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार, पटना मुख्यालय की EIB टीम को सूचना मिली थी कि शराब की बड़ी खेप पिकअप वैन के जरिए नालंदा जिले में लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पटना की EIB टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई शुरू की।
टीम संदिग्ध पिकअप वैन को रोकने और घेरने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान तस्करों के लिए रेकी कर रहे एक कथित लाइनर ने टीम पर गोली चला दी। गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग के बाद आरोपी पिकअप वैन समेत मौके से फरार हो गए।
PMCH में इलाज के दौरान सिपाही की मौत
घटना के बाद साथी कर्मियों ने घायल सिपाही को पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सिपाही की मौत की खबर से पुलिस और उत्पाद विभाग में शोक की लहर है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि कार्रवाई पटना से आई विशेष EIB टीम के नेतृत्व में की जा रही थी। घटना के बाद उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जुटी हैं।
पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी कर फरार आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, शराब की खेप कहां से लाई गई थी और तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी भी जांच की जा रही है।
बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं
EXPOSE BIHAR DESK