पूसा कृषि विश्वविद्यालय में 13 से 15 मार्च तक क्षेत्रीय किसान मेला, देश-विदेश के किसान होंगे शामिल

Date: 2026-03-13
news-banner

P U S A   A G R I C U L T U R E


पूसा कृषि विश्वविद्यालय में 13 से 15 मार्च तक क्षेत्रीय किसान मेला

समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में 13 से 15 मार्च तक तीन दिवसीय क्षेत्रीय किसान मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।

मेले का आयोजन “विकसित कृषि – उन्नत भारत” थीम पर किया जा रहा है। इसमें बिहार के साथ-साथ झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के किसान, कृषि उद्यमी और विशेषज्ञ भाग लेंगे।

कई महत्वपूर्ण अतिथि होंगे शामिल

जानकारी के अनुसार, मेले का उद्घाटन बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक और पूर्व मंत्री महेश्वर हजारी, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय, नाबार्ड और विभिन्न बैंकों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

दूसरे दिन के कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं समापन समारोह में केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी मुख्य अतिथि होंगे।

किसानों को मिलेंगी नई तकनीक की जानकारी

किसान मेले में कृषि से जुड़े कई लाभकारी स्टॉल और प्रदर्शनी लगाए जाएंगे। यहां किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक खेती तकनीक, कृषि उपकरण और नई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसान-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे किसानों को सीधे विशेषज्ञों से सलाह मिल सकेगी।

कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस मेले का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक और नवाचारों से जोड़ना है, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।

EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments