31 मार्च के बाद नहीं चलेगी सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनल ट्रेन, समस्तीपुर मंडल के यात्रियों को झटका

Date: 2026-03-28
news-banner
S A M A S T I P U R

समस्तीपुर: सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन (05585/05586) का परिचालन 31 मार्च के बाद बंद किया जा रहा है। इस फैसले से यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई है, क्योंकि भारी भीड़ के बावजूद रेलवे ने इसके फेरे नहीं बढ़ाए और न ही इसे नियमित ट्रेन का दर्जा दिया।

जानकारी के अनुसार, सहरसा से इस ट्रेन की अंतिम यात्रा 27 मार्च को पूरी हो चुकी है, जबकि लोकमान्य तिलक टर्मिनल से यह 29 मार्च को आखिरी बार रवाना होगी। बेहतर टाइमिंग और तेज रफ्तार के कारण यह ट्रेन कम समय में ही यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई थी।

ट्रेन में रही भारी भीड़
बुकिंग आंकड़ों के अनुसार, समस्तीपुर से 200 से अधिक, मुजफ्फरपुर से 300 से ज्यादा, सहरसा से करीब 200, खगड़िया से 150, हसनपुर रोड से 50 और हाजीपुर से 60 यात्रियों ने आरक्षण कराया था। इसके अलावा बड़ी संख्या में यात्री सामान्य टिकट पर भी यात्रा कर रहे थे, जिससे कुल यात्रीभार 150 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया।

मुंबई जाने वालों के लिए सीमित विकल्प
वर्तमान में समस्तीपुर से मुंबई के लिए ट्रेनों के विकल्प बेहद सीमित हैं। पवन एक्सप्रेस में अगले दो महीनों तक किसी भी श्रेणी में सीट उपलब्ध नहीं है।

वहीं, गर्मी के मद्देनजर चलाई गई समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन (01043/44) के सभी ट्रिप पहले ही फुल हो चुके हैं और वेटिंग लिस्ट भी बंद कर दी गई है। अन्य ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

यात्रियों की मांग
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि सहरसा-लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन का परिचालन जुलाई तक बढ़ाया जाए या इसे स्थायी रूप से नियमित ट्रेन के रूप में चलाया जाए।

यात्रियों का कहना है कि इस ट्रेन के बंद होने से बिहार से मुंबई जाने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी, खासकर ऐसे समय में जब पहले से ही सभी ट्रेनों में भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट बनी हुई है।

EXPOSE BIHAR DESK


advertisement image

Leave Your Comments