S A M A S T I P U R
समस्तीपुर के नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर में 17 फरवरी को हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बहादुरपुर वार्ड-26 निवासी मो. महफूज के पुत्र एहतेशाम आलम उर्फ लक्की खान के रूप में हुई है। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि लोजपा (रा) नेता सह सिनेमा हॉल संचालक रोहित कुमार उर्फ अंट्टू ईस्सर पर जमीन विवाद और पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या की नीयत से फायरिंग की गई थी।
इस हमले में उनके सहयोगी शुभम सिंह उर्फ ईशू को कंधे में गोली लगी थी, जबकि अंट्टू ईस्सर बाल-बाल बच गए। फायरिंग के दौरान हमलावरों के दो साथी—बॉबी और भानू—भी गोली लगने से घायल हुए थे, जिनमें भानू की रास्ते में मौत हो गई। उसका शव वैशाली जिले में गंगा ब्रिज के पास एक कार से बरामद हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया कि इसी गिरोह ने समस्तीपुर में इस घटना को अंजाम दिया था। वैशाली पुलिस ने पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
घटना के बाद एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने एहतेशाम आलम उर्फ लक्की खान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, घटना में जमीन विवाद और पुरानी दुश्मनी मुख्य कारण है। अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में नगर थाना में पांच नामजद और 5-7 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
EXPOSE BIHAR DESK