समस्तीपुर में मिलावटी मसाला बनाने वाले उद्योग पर छापा, दो गोदाम और एक मिल सील

Date: 2026-10-16
news-banner
S M A S T I P U R

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर गांव में गुरुवार को मिलावटी मसाला तैयार किए जाने की शिकायत पर प्रशासन की टीम ने एक मसाला उद्योग में छापेमारी की। सदर एसडीओ राकेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान दो गोदामों में रखे चूड़ा, धान-चावल की भूसी, लाल रंग, कंकर और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। मौके पर मसाला पीसने वाली दो मशीनें भी चालू अवस्था में मिलीं।

कार्रवाई के बाद प्रशासन ने दो गोदामों और एक मिल को सील कर दिया। बरामद मसालों के नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से जांच के लिए भेजे जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला जांच के बाद ही मसालों में इस्तेमाल किए गए पदार्थों और उनकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

प्रशासन ने मसाला उद्योग के संचालकों की पहचान स्थानीय निवासी विनोद गुप्ता और विजय गुप्ता के रूप में की है। छापेमारी की सूचना मिलने पर मौके पर मौजूद लोग फरार हो गए, जबकि एक मजदूर से पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।

सदर एसडीओ राकेश कुमार के अनुसार, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे पर्व-त्योहारों के दौरान मसालों की मांग बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए संदिग्ध मिलावटी मसालों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ ने आम लोगों से मसाले खरीदते समय पैकिंग, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, निर्माता का विवरण और खाद्य सुरक्षा संबंधी जानकारी की जांच करने की अपील की। उन्होंने संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री या मिलावट की शिकायत मिलने पर प्रशासन को सूचना देने की भी अपील की।

छापेमारी के दौरान फूड इंस्पेक्टर रामा स्वामी वेंकेट रमन शर्मा, बीडीओ अरविंद कुमार, कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments