S A M A S T I P U R
समस्तीपुर में सहकारिता विभाग की ओर से PACS (प्राथमिक कृषि साख समितियों) के व्यावसायिक विस्तार को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहर के कर्पूरी सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें जिलेभर के PACS प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि समय की जरूरत है कि PACS समितियां पारंपरिक कार्यों से आगे बढ़कर नई व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़ें, जिससे उनकी आय बढ़े और किसान सीधे लाभान्वित हो सकें।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य PACS के कार्यों में विविधता लाना और उद्यमशीलता को बढ़ावा देना था, ताकि समितियां आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सकें। अधिकारियों ने यह भी बताया कि PACS को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में धान अधिप्राप्ति, मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना और बिहार राज्य फसल सहायता योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
पटना से आए प्रशिक्षक अजय कुमार अलंकार ने प्रतिभागियों को सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण का उद्देश्य PACS प्रतिनिधियों को सक्षम बनाना है ताकि वे अपने क्षेत्रों में किसानों तक सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचा सकें।
EXPOSE BIHAR DESK