समस्तीपुर के पूसा से उभरी नई तकनीक: ‘मेडप्राइम’ से गांवों तक पहुंचेगी एक्सपर्ट पैथोलॉजी जांच

Date: 2026-03-23
news-banner
S A M A S T I P U R

समस्तीपुर/पूसा : कृषि शोध और शिक्षा की जननी पूसा अब केवल वैज्ञानिकों का केंद्र ही नहीं, बल्कि अत्याधुनिक स्वास्थ्य तकनीक के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा से जुड़े ईख अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ. देवेन्द्र सिंह के पुत्र सम्राट ने अपनी तकनीकी दक्षता से इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सम्राट द्वारा विकसित ‘मेडप्राइम’ तकनीक देश के पैथोलॉजिस्टों के कार्य को आसान बनाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ जांच की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।

सम्राट के अनुसार, भारत की लगभग 1.4 अरब की आबादी के लिए 10,000 से भी कम एमडी पैथोलॉजिस्ट उपलब्ध हैं। ऐसे में उनकी कंपनी MedPrime Technologies द्वारा विकसित तकनीक इस कमी को दूर करने में अहम भूमिका निभा रही है।

इस तकनीक के जरिए बड़े शहरों में बैठे विशेषज्ञ अब ग्रामीण क्लीनिकों से भेजे गए नमूनों की रियल टाइम में जांच कर सकते हैं। होल स्लाइड इमेजिंग और रोबोटिक रिमोट कंट्रोल जैसी आधुनिक तकनीकों की मदद से विशेषज्ञ दूरदराज गांवों की स्लाइड को तुरंत देख सकते हैं और सटीक रिपोर्ट दे सकते हैं।

यह पहल विशेष रूप से उन गंभीर मामलों में जीवनरक्षक साबित हो रही है, जहां समय पर सही जांच और उपचार बेहद जरूरी होता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की तकनीक से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण भारत में भी गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments