S A M A S T I P U R
समस्तीपुर : पूर्व मध्य रेलवे (East Central Railway) के हाजीपुर मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में समस्तीपुर रेल मंडल को उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर के महाप्रबंधक छात्रसाल सिंह ने समस्तीपुर मंडल को यह शिल्ड प्रदान की। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) जेपी मिश्रा, सीनियर डीसीएम अन्नया स्मृति सहित अन्य अधिकारियों ने सम्मान ग्रहण किया।
यह सम्मान मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं में सुधार, परिचालन दक्षता बढ़ाने, राजस्व में वृद्धि और सुरक्षा मानकों के बेहतर अनुपालन के लिए दिया गया।
समस्तीपुर रेल मंडल ने हाल के दिनों में कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसमें ट्रेनों के समय पालन में सुधार, स्टेशनों पर सुविधाओं का विस्तार, टिकट जांच अभियान को मजबूत करना, माल ढुलाई में वृद्धि और स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाना शामिल है।
इन प्रयासों के चलते मंडल का प्रदर्शन अन्य रेल मंडलों की तुलना में बेहतर रहा।
समारोह के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन के कारण यह उपलब्धि संभव हो पाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी समस्तीपुर मंडल इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।
वहीं, डीआरएम जे.पी. मिश्रा ने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल के सभी रेलकर्मियों को दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधा देना और सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी।
इस मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इसे मंडल के लिए गर्व का क्षण बताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
EXPOSE BIHAR DESK