समस्तीपुर में शराब धंधेबाज को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला, 8 आरोपी गिरफ्तार

Date: 2026-10-15
news-banner
S A M A S T I P U R

 जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के काजी डुमरा गांव में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने किराना दुकान की आड़ में देसी शराब बेचने के आरोप में लालबाबू पासवान को छह लीटर शराब के साथ गिरफ्तार किया था। हालांकि, पुलिस टीम उसे लेकर जा रही थी, तभी परिजनों और समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर गिरफ्तार धंधेबाज को पुलिस की गिरफ्त से जबरन छुड़ा लिया।

महिला सिपाही से दुर्व्यवहार, मोबाइल छीनने का आरोप

घटना के दौरान एक महिला सिपाही के साथ दुर्व्यवहार किया गया। वहीं, एक सिपाही और एक चौकीदार का मोबाइल छीनने का भी आरोप है। मारपीट में दो पुलिस पदाधिकारियों समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति बिगड़ने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की गई।

दो प्राथमिकी दर्ज, 15 नामजद आरोपित

पुलिस पदाधिकारी के बयान पर मामले में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पहली प्राथमिकी अवैध शराब के कारोबार से संबंधित है, जबकि दूसरी सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और महिला सिपाही से दुर्व्यवहार के आरोप में दर्ज की गई है।

पुलिस ने कुल 15 लोगों को नामजद आरोपित बनाया है। इसके अलावा 30 से 40 अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है। रोसड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने काजी डुमरा गांव में छापेमारी कर अब तक आठ नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी को जेल भेज दिया गया है।

फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी

रोसड़ा के एसडीपीओ संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर शराब धंधेबाज और उसके सहयोगियों ने हमला किया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही, गिरफ्तार धंधेबाज को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और मोबाइल छीनने की घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments