S A M A S T I P U R
बिहार के समस्तीपुर जिले में बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा चालू कराने की मांग तेज होती जा रही है। इसी मांग को लेकर जिला विकास संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में किसानों, मजदूरों और स्थानीय लोगों ने शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर स्टेशन चौक से जुलूस की शुरुआत की, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए चीनी मिल चौक तक पहुंचा। वहां एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने सरकार से जल्द से जल्द बंद पड़ी चीनी मिल को चालू करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चीनी मिल बंद होने से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसान और मजदूर प्रभावित हो रहे हैं। गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।
वक्ताओं ने कहा कि अगर जल्द ही चीनी मिल को चालू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थानीय लोगों और किसानों ने सरकार से इस मुद्दे पर जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की है।
EXPOSE BIHAR DESK