समस्तीपुर में 40 लाख की विदेशी शराब बरामद, कंटेनर में छिपाकर रखी थीं 4 स्कॉर्पियो

Date: 2026-10-16
news-banner
S A M A S T I P U R 

समस्तीपुर: जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर शंकर चौक के पास उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। रात्रि गश्ती के दौरान बुधवार की रात एक संदिग्ध कंटेनर की तलाशी ली गई। कंटेनर के अंदर खड़ी चार स्कॉर्पियो से 2610 लीटर अलग-अलग ब्रांडों की विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। उत्पाद विभाग ने कंटेनर, चारों स्कॉर्पियो और शराब को जब्त कर लिया है।

उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार, टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शंकर चौक के पास खड़े कंटेनर पर संदेह हुआ। उत्पाद विभाग की टीम को देखकर चालक फरार हो गया। इसके बाद कंटेनर की तलाशी ली गई, जिसमें चार स्कॉर्पियो खड़ी मिलीं। वाहनों की जांच करने पर उनमें पांच अलग-अलग ब्रांडों की विदेशी शराब छिपाकर रखे जाने का पता चला।

उत्पाद विभाग ने शराब की खेप और सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तस्करी के इस तरीके में कंटेनर से स्कॉर्पियो को किसी सुनसान जगह पर उतारकर शराब की खेप को अलग-अलग स्थानों पर भेजने की योजना थी। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि चारों स्कॉर्पियो पर फर्जी नंबर प्लेट लगे होने की बात सामने आई है। आशंका है कि ये वाहन चोरी के भी हो सकते हैं। इस बिंदु पर जिला परिवहन कार्यालय के माध्यम से जांच कराई जाएगी।

वहीं, कंटेनर के मालिक की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के साखमोहन निवासी रामवृक्ष यादव के पुत्र त्रिभुवन कुमार के रूप में की गई है। उत्पाद अधिनियम के तहत वाहन स्वामी को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है।

फिलहाल उत्पाद विभाग शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क, शराब के स्रोत और उसके संभावित गंतव्य का पता लगाने में जुटा है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

EXPOSE  BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments