समस्तीपुर रेल मंडल में बड़ी लापरवाही: वंदे भारत से टकराया स्लीपर, PWI सस्पेंड

Date: 2026-03-23
news-banner
S A M A S T I P U R  R A I L W A Y

समस्तीपुर रेल मंडल में वंदे भारत ट्रेन से स्लीपर टकराने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। डीआरएम के आदेश पर पीडब्ल्यूआई (परमानेंट वे इंस्पेक्टर) ओम प्रकाश सिंह को निलंबित कर दिया गया है, जबकि पटना की एजेंसी जयश्री से जुड़े मुंशी दिलीप कुमार सहित करीब एक दर्जन मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

यह घटना मुजफ्फरपुर-मोतिहारी रेलखंड के मोतीपुर स्टेशन के पास हुई, जहां बिना आवश्यक अनुमति और ब्लॉक लिए रेल पटरी पर स्लीपर बदलने का काम किया जा रहा था। उसी दौरान उसी सक्रिय लाइन पर वंदे भारत ट्रेन आ गई और स्लीपर से टकरा गई। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। आरपीएफ इंस्पेक्टर मोतिहारी, भरत प्रसाद के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, आरोपियों के नाम और पते के सत्यापन के लिए रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग से विस्तृत जानकारी मांगी गई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बिना ब्लॉक लिए चलती लाइन पर काम करना सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। इस लापरवाही के कारण यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी।

फिलहाल मामले की जांच समस्तीपुर रेल मंडल के वरीय संरक्षा अधिकारी द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।

EXPOSE BIHAR DESK

advertisement image

Leave Your Comments